आगरा में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को धीर नगर, वजीरपुरा और दिल्ली गेट में लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। धीर नगर में दंपती बुलडोजर के सामने बैठ गया, जबकि वजीरपुरा में टीम से हाथापाई और दिल्ली गेट पर खोखा हटाने को लेकर हंगामा हुआ।
आगरा में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम को मंगलवार को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। वजीरपुरा में रेस्तरां का काउंटर हटाने पर टास्कफोर्स सदस्यों से हाथापाई की गई तो धीर नगर में बुलडोजर के सामने आकर दंपती खड़े हो गए। दिल्ली गेट पर खोखा हटाने के दौरान भी जबरदस्त विरोध हुआ। इसके बाद महिला पुलिस को बुलाना पड़ा।
विज्ञापन
घरों के सामने नाली निर्माण में बाधा बन रहे रैंप और अतिक्रमण हटाने पर धीर नगर, मारुति एस्टेट, वजीरपुरा और दिल्ली गेट क्षेत्र में जमकर हंगामा हुआ। धीर नगर में कार्रवाई का विरोध कर रहे कंचन सिंह और उनकी पत्नी बुलडोजर के सामने आकर खड़े हो गए। कार्रवाई न रुकी तो अचानक बकेट को पकड़कर बैठ गए।
उन्हें रोकने के लिए महिला पुलिस बुलानी पड़ी। इससे कुछ देर के लिए कार्रवाई रुक गई। निगम अधिकारियों ने समझाया लेकिन दंपती विरोध पर अड़े रहे। पुलिस ने दोनों को हटाया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कराई।
विज्ञापन
वजीरपुरा में अल लजीज रेस्तरां ने फुटपाथ पर काउंटर लगा रखा था। टास्कफोर्स ने इसे हटाया तो रेस्तरां संचालक और कर्मचारियों ने हंगामा कर दिया। टीम से हाथापाई कर दी। भीड़ आने और तनाव बढ़ने पर निगम अधिकारियों ने पुलिस बुला ली। सहायक अभियंता जीवेक, प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता और एसएफआई सुदेश यादव ने लोगों को समझाया। पुलिस की मौजूदगी के बीच कार्रवाई पूरी की गई। इस दौरान पालीवाल पार्क के गेट पर जाम लग गया। पुलिस ने भीड़ को हटाकर जाम खुलवाया।
अस्पताल के बाउंसरों से हुई नोकझोंक
दिल्ली गेट पर सरकार नर्सिंग होम के सामने रखे खोखे को हटाने पहुंची निगम टीम का जमकर विरोध किया गया। निगम कर्मचारियों और खोखा संचालक के साथ अस्पताल के बाउंसरों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर काफी देर तक हंगामा बना रहा। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाली और सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि अतिक्रमण को चिह्नित करके लाल निशान लगा दिए गए थे। पहले ही समय और चेतावनी दी गई थी। नियम के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। - ,