मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र के नगला सुखी गांव में बुधवार की शाम खेत पर काम कर रहे एक किसान पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर बचाने आई पत्नी और पुत्र को भी हमलावरों ने लाठी डंडा से पीटा। ग्रामीणों के आने पर धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव नगला सुखी निवासी संतोष कुमार ने बताया कि बुधवार को वह अपने खेत में जुताई कर रहा था। तभी वहां गांव निवासी शनि सिंह, मनोज, संजीव सिंह, नेम सिंह अपने साथियों के साथ आकर गाली गलौज करने लगे। उसे लाठी डंडा से पीटना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुनकर जब पत्नी सुषमा देवी और पुत्र सुरेंद्र बचाने के लिए आया तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। एक आरोपी ने तमंचे की बट से पत्नी के चेहरे पर हमला कर उसे घायल कर दिया। लोगों को आता देख आरोपियों ने धमकी दी। कहा कि अगर दोबारा खेत पर दिखाई दिए तो जान से मार देंगे। मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।