नवीन मंडी में शनिवार सुबह आठ बजे से करहल विधानसभा सीट के लिए मतगणना शुरू होगी। कुल 32 राउंड में मतों की गिनती का कार्य पूरा होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि 14 टेबलों पर ईवीएम के मतों की गणना होगी। वहीं, पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए चार टेबलें अलग से लगाई गई हैं।
सुबह 8 बजे से शुरू होने वाले मतगणना में सबसे पहले पोस्टल बैलेट के मतों की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम के मतों की गणना शुरू होगी। कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम से ईवीएम की कंट्रोल यूनिट को गणना पंडाल स्थित टेबल पर लाया जाएगा। कुल 14 टेबलों पर एक साथ 14 कंट्रोल यूनिट के मतों की गणना होगा। ऐसे में कुल 32 राउंड में करहल का परिणाम सामने आ जाएगा। मतगणना स्थल और मतगणना पंडाल सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया किसी भी गणना अभिकर्ता को कोई मोबाइल, केल्कुलेटर या अन्य कोई इलेक्ट्रोनिक डिवाइस गणना स्थल पर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही गणना अभिकर्ता एक बार प्रवेश के बाद गणना पूरी होने के बाद ही बाहर जा सकेंगे।
अलग-अलग गेटों से होगा प्रवेश
नवीन मंडी के गेट नंबर एक से अधिकारी, गणना कार्मिक और मीडियाकर्मियों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं गणना अभिकर्ताओं को गेट नंबर 3 से प्रवेश मिलेगा। अभिकर्ताओं के वाहन स्टेडियम में खड़े कराए जाएंगे।