कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस बार बोर्ड परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। प्रधानाचार्य स्कूल आईडी से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही ऑफ लाइन भी प्रवेश पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।जिले के 170 माध्यमिक स्कूलों के लगभग 41 हजार से अधिक परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। 22 फरवरी से परीक्षाएं शुरू होंगी जो नौ मार्च तक चलेंगी। परिषद ने परीक्षा की व्यवस्था में काफी बदलाव किए हैं। अभी तक परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र ऑफलाइन ही उपलब्ध कराए जाते थे, जिससे प्रवेश पत्र परीक्षा से कुछ दिन पहले ही मिल पाते थे, लेकिन अब परिषद सुविधाओं को हाईटेक करने में जुटा हुआ है। छात्र-छात्राओं की मेल आईडी बनवाई गई। अब प्रवेशपत्र भी ऑनलाइन कर दिए गए। परिषद ने स्कूलों की आईडी पर प्रवेशपत्र अपलोड किए हैं जिससे विद्यालयों के प्रधानाचार्य स्कूल आईडी पासवर्ड की सहायता से इनको डाउनलोड कर वितरण कर सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मौर्य ने बताया कि बोर्ड ने पहली बार वेबसाइट पर परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र अपलोड किए हैं। विद्यालय इनको डाउनलोड कर परीक्षार्थियों को वितरित कर सकेंगे। इसके साथ ही ऑफ लाइन प्रवेशपत्र भी भेजे जाएंग।