आगरा में कोरोना वायरस से संक्रमित एक और मरीज की मौत होने से मंगलवार को मृतकों का कुल आंकड़ा 157 हो गया। चिकित्सक और पुलिसकर्मी समेत 44 लोग संक्रमित मिले हैं। इससे कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 8275 पर पहुंच गया है। इनमें 7613 मरीज ठीक हो चुके हैं।
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बताया कि 65 और लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। मंगलवार को इन लोगों को डिस्चार्ज किया गया। 505 संक्रमित मरीजों का अस्पतालों और होम आइसोलेशन में उपचार चल रहा है। जिले में 3.11 लाख से ज्यादा लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस का संक्रमण परिवारों में तेजी से फैल रहा है। एक-एक घर में दो से अधिक सदस्यों में कोरोना वायरस का संक्रमण मिल रहा है। मंगलवार को डॉक्टर और एसएसपी आवास पर तैनात पुलिसकर्मी समेत 43 नए मरीज मिले हैं।
भरतपुर हाउस में एक ही परिवार के चार सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। न्यू आगरा, बल्केश्वर, बालाजीपुरम शाहगंज, हरीश नगर सिकंदरा, ईदगाह और शहीद नगर में एक ही परिवार के दो-दो सदस्य संक्रमित पाए गए।
यहां भी मिले नए मरीज
लोहामंडी, सरला बाग, काला महल, कृष्णा बाग, खंदारी, राधिका इस्टेट, घटिया आजमखां, मंगलम सिला दयालबाग, खतैना, शास्त्रीपुरम, विभव नगर, कमला नगर, किरौली, प्रोफेसर कॉलोनी, शिवाजी नगर फतेहाबाद रोड, नया बांस लोहामंडी, बलकेश्वर, मोती कटरा, आवास विकास कॉलोनी, पीपलमंडी, नामनेर, नैनाना ब्राह्मण, ट्रांस यमुना कॉलोनी, राजपुर चुंगी, अवधपुरी, नगला सिरज बरहन, नौलक्खा सदर बाजार, शाहगंज और ताजगंज में भी कोरोना वायरस के मिरीज मिले हैं।
5629 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग, 56 मिले संदिग्ध
स्वास्थ्य विभाग की 119 टीमों ने सदर बाजार, शाहगंज, ताजगंज, फतेहाबाद रोड, नेहरू नगर, गांधी नगर, ट्रांसयमुना कॉलोनी, बल्केश्वर, दयालबाग, कमला नगर, खंदारी, शास्त्रीपुरम, सिकंदरा, बोदला और आवास विकास कॉलोनी के 7917 घरों का सर्वे किया। इनमें 35629 लोगों में बुखार-खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी के बारे में पूछा। इनमें से 56 लोग संदिग्ध मिले, इनकी कोरोना वायरस की जांच के लिए नमूना लेते हुए घरों में ही क्वारंटीन रहने को कहा।