मंडी धर्मदास मोहल्ले में वृद्ध की मौत के मामले में जानकारी लेते एसडीएम
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी में एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक युवक और उसकी भाभी-भतीजी हैं। युवक की शादी 21 जून को हुई थी। शनिवार की सुबह संक्रमित युवक के पिता ने दम तोड़ दिया। वो कैंसर से पीड़ित थे। स्वास्थ्य विभाग ने उनकी भी जांच कराई है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
शहर के मोहल्ला धर्मदास निवासी एक युवक की 21 जून को शादी हुई थी। गुरुवार को पूरे परिवार ने कोरोना जांच कराई तो युवक, उसकी 40 वर्षीय भाभी और 14 वर्षीय भतीजी कोरोना संक्रमित निकले। युवक सहित परिवार के तीन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद शादी की खुशियां काफूर हो गईं।
जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई। तीनों को एंबुलेंस से आइसोलेशन वार्ड भोगांव भेजा गया। मंडी धर्मदास को सील करते हुए हॉटस्पॉट घोषित कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ले को सैनिटाइज कराया। सीएमओ ने कहा कि शादी समारोह में हिस्सा लेने वाले लोगों की जांच कराई जाएगी।
कैंसर पीड़ित पिता ने तोड़ा दम
शनिवार की सुबह संक्रमित युवक के पिता की मौत हो गई। वो कैंसर से पीड़ित थे। स्वास्थ्य विभाग ने उनकी भी जांच कराई है, लेकिन शनिवार को उनकी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई थी। कोरोना रिपोर्ट आने से पहले ही वृद्ध की मौत और परिवार के तीन सदस्य कोरोना संक्रमित मिलने से जिला प्रशासन की परेशानी बढ़ गई।
बाजार कराया बंद, पांच सौ मीटर का इलाका सील
मंडी धर्मदास में तीन कोरोना संक्रमित मिलने से जिला प्रशासन ने चिंता बढ़ गई है। एसडीएम और सीओ ने मंडी धर्मदास के पांच सौ मीटर इलाके को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए यहां की सीमा में आने वाले बाजार को बंद करा दिया। 72 घंटे तक बाजार बंद कराते हुए लोगों को घरों में रहने की चेतावनी दी गई।
बुजुर्ग की जांच रिपोर्ट का इंतजार
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एके पांडेय ने बताया कि बुजुर्ग की कोरोना जांच कराई गई थी, लेकिन अभी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। इसके बाद भी पूरी सुरक्षा के साथ बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कराया गया है।
जिले में तीन नए मरीज मिलने से कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 262 हो गई है। 228 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। अब तक आठ मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 26 मरीजों का उपचार चल रहा है।