अनलॉक-1 शुरू होने के बाद आगरा में जहां एक तरफ कोरोना संक्रमितों का ग्राफ बढ़ा है, वहीं चार दिन में 12 कंटेनमेंट जोन बढ़ाए गए हैं। अब शहर में 38 कंटेनमेंट जोन हैं, जबकि देहात में 15 जोन बने हैं। सभी 53 जगहों पर 250 से 500 मीटर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर वहां रहने वालों की आवाजाही पर पूर्ण रोक है।
एक जून को शहर व देहात में 41 कंटेनमेंट जोन थे। इनकी संख्या अब 53 हो गई है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि नए कंटेनमेंट जोन में पांच टीमों से कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग, सर्विलांस व सैंपलिंग कराई जा रही है। रैपिड रिस्पांस टीम के काम का अलग से थर्ड पार्टी जांच कर रही है।
नए मरीज नहीं मिलने के बाद 46 कंटेनमेंट जोन को बंद भी किया गया है। उन्होंने शहर में लोगों से संक्रमण को लेकर सतर्कता बरतने को कहा है। कंटेनमेंट जोन के आसपास कोई बाजार व दुकानें नहीं खुलेंगी। इन इलाकों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति होम डिलिवरी के माध्यम से होगी।