जनता कर्फ्यू के लिए ताजनगरी तैयार है। लोगों ने संकल्प लिया है कि रविवार को घरों में ही रहेंगे। व्यापारियों ने बाजार बंद रखने का एलान किया है तो किसानों ने खेत में न जाकर घर पर ही दिन बिताने का निर्णय लिया है। ट्रेनें और रोडवेज तो बंद रहेंगी ही, साथ में सिटी बसें और ऑटो, ई-रिक्शा भी नहीं चलेंगे। न ही रसोई गैस की सप्लाई की जाएगी। मेडिकल स्टोर, अस्पताल और पेट्रोल पंप जैसी आपात सेवाओं को चालू रखा जाएगा।
विज्ञापन
जनता कर्फ्यू के दौरान पुलिस भी अलर्ट पर रहेगी। सड़कों पर पुलिस की सायरन बजाती गाड़ियां रहेंगी। अगर, कोई सड़क पर मिलता है तो उससे घर में रहने के लिए आग्रह किया जाएगा। बताया जाएगा कि कोरोना वायरस का संक्रमण कैसे फैल सकता है।
लोगों को बताया जाएगा कि कोरोना वायरस का संक्रमण बिना मास्क लगाकर रहने और एक-दूसरे को छूने से भी फैल सकता है। आग्रह किया जाएगा कि घर से बाहर न निकले। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि विभिन्न इलाकों पुलिस फोर्स रहेगी। चोरी की वारदात को रोकने के लिए भी पुलिस के इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर गलत जानकारी दी तो केस दर्ज होगा
आईजी रेंज ए सतीश गणेश ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि कोरोना वायरस के संबंध में सोशल मीडिया पर चल रहे संदेशों पर नजर रखी जाए। अगर कोई गलत जानकारी पोस्ट करता है या साझा करता है तो उसके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। सबसे पहले इस जानकारी को डिलीट कराया जाए।
लोगों को जागरूक भी किया जाए कि वे गलत जानकारी न तो पोस्ट करें और न ही कहीं से आने पर फॉरवर्ड करें। जहां तक संभव हो कोरोना वायरस के संबंध में सही जानकारी देकर लोगों को जागरूक करें।
जनता कर्फ्यू के दौरान जिला अस्पताल और एसएन मेडिकल कॉलेज के डाक्टरों के साथ तीन क्यूआरटी लगाई गई हैं। क्यूआरटी में पांच सिपाही रहेंगे। इसके अलावा एंटी रोमियो स्क्वैड और चीता मोबाइल के सिपाही भी रहेंगे। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि क्यूआरटी को विभिन्न इलाकों में शिकायत मिलने पर भेजा जाएगा। डाक्टरों की टीम जांच करेगी। जरूरत पड़ने पर मरीज को अस्पताल भी लाया जाएगा।
रोडवेज की 587 बसों का संचालन बंद
रोडवेज बसों का संचालन रविवार की सुबह छह बजे से ही बंद कर दिया जाएगा। रात्रि 10 बजे तक परिक्षेत्र के किसी बस स्टैंड से कोई बस रवाना नहीं होगी। इस दौरान बस स्टैंडों पर आवश्यक कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे।
आगरा परिक्षेत्र के आरएम मनोज कुमार त्रिवेदी ने बताया कि परिक्षेत्र की 587 बसों का संचालन बंद रहेगा। महानगर बस सेवा के महाप्रबंधक आरबीएल शर्मा ने बताया कि बसें सुबह पांच बजे से संचालित नहीं होंगी। रात्रि दस बजे के बाद भी बसें नहीं चलेंगी। इसी तरह ऑटो, ई रिक्शा और अन्य प्राइवेट वाहनों का संचालन भी बंद रहेगा।
रविवार को 107 गैस एजेंसी के 8.43 लाख कनेक्शनधारकों को 14 घंटे तक गैस सिलिंडर की डिलीवरी नहीं मिल पाएगी। डीएसओ उमेश चंद मिश्रा ने बताया कि गैस वितरकों को निर्देशित कर दिया है। ऑल इंडिया इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के आगरा संभाग के अध्यक्ष विपुल पुरोहित ने बताया कि रविवार को गैस सिलिंडर सप्लाई बंद रखें और सोमवार से सेवाएं जारी रहेंगी।
35 हजार ट्रांसपोर्ट वाहनों के पहिये भी थमेंगे
आगरा गुड्स कैरियर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा, आगरा पब्लिक वेलफेयर एसोसिएशन के देवेंद्र गुप्ता, ठाकुर अमर सिंह, ट्रांसपोर्ट चैंबर के वीरेंद्र गुप्ता, महानगर ट्रांसपोर्ट के राजपाल यादव का कहना है कि रविवार की बुकिंग रद्द कर दी गई हैं।
आलू की खोदाई, सरसों की कटाई बंद रखेंगे किसान
बाह क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों की तबाही से जूझ रहे किसानों ने रविवार को जनता कर्फ्यू के आह्वान पर खेतों पर काम न करने का निर्णय लिया है। मीटिंग में निर्णय लिया गया कि किसान परिवार सहित घरों में ही रहेंगे।
घरों में रहे लोग... किसी चीज की कमी नहीं - डीएम
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह का कहना है कि लोग रविवार को घर पर ही रहें। यही तरीका है कोरोना से बचाव का। इसमें घबराने की जरूरत नहीं है। किसी चीज की कोई कमी नहीं है। दूध, दवा, सब्जी, राशन की दुकानें रविवार को खुली रहेंगी। सभी इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनता कर्फ्यू स्वैच्छिक है। लोग इसके लिए तैयार हैं। शाम पांच बजे सायरन बजेगा। घरों से ही लोग स्वास्थ्य एजेंसियों का आभार करेंगे। मेडिकल एंबुलेंस, अस्पताल व डॉक्टरों की टीमें 24 घंटे समर्पित हैं। बिजली व सफाई टीमें उपलब्ध रहेंगी।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर स्काईप व वॉट्स एप के जरिए वीडियो कांफ्रेंसिंग कर मरीज मुफ्त डॉक्टर से परामर्श ले सकेंगे। 24 घंटे मोबाइल पर ओपीडी सुविधा मिलेगी।
आईएमए के डॉ. पंकज नगायच ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर 9837078814, 9412895978, 8527759132, 8171944038, 9958882595, 8171416667, 9837474997 कोई भी मरीज चिकित्सक ीय परामर्श ले सकता है।