लॉकडाउन का तीसरा चरण लागू हो गया है, लेकिन कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए आगरा में कोई छूट नहीं दी गई है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने स्पष्ट किया है कि आगरा रेड जोन में है। संक्रमित मरीजों की संख्या में वृद्धि की संभावना बनी हुई है। इसलिए किसी को भी कोई नई रियायत या छूट नहीं होगी। लॉकडाउन का और सख्ती से पालन कराया जाएगा।
ताजनगरी में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीज लगातार मिल रहे हैं। इससे स्थिति चिंताजनक हो गई है। मई के शुरुआती तीन दिनों में 118 नए मामले मिल चुके हैं। जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 597 पर पहुंच गया है। इनमें अब तक 146 लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। जबकि 15 संक्रमितों की मौत भी हो चुकी है। इसी कारण ताजनगरी को रेड जोन में रखा गया है।