मथुरा में शुक्रवार को कोरोना विस्फोट हो गया। यहां एक दिन में आठ कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इनमें संक्रमित युवक के माता-पिता में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। चार नए मरीज केशोपुरा के हैं। एक मंडी से जुड़ा है और एक मामला मिलिट्री अस्पताल का है। एक दिन में आठ कोरोना मरीज मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अब जनपद में कोरोना मरीजों की संख्या 24 हो गई है।
हॉटस्पॉट क्षेत्र चौबियापाड़ा निवासी युवक ने जुकाम, खांसी एवं बुखार होने की शिकायत पर 22 अप्रैल को निजी लैब में कोरोना की जांच कराई। 24 अप्रैल को आई जांच रिपोर्ट में युवक संक्रमित निकला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक को अस्पताल में आइसोलेट कर दिया। परिवार के नौ लोगों की जांच कर सभी के सैंपल लेकर लिए गए।
संक्रमित युवक के माता-पिता की रिपोर्ट शुक्रवार दोपहर को आई, दोनों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी आठ नए मरीजों को कोविड अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इनके संपर्क में आने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. शेर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को कुल आठ नए कोरोना मरीज मिले। इनमें शाम को छह लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इनमें एक महिला और पांच पुरुष हैं। तीन लोग केशोपुरा, एक महिला मंडी रामदास, दो लोग हॉटस्पॉट एरिया के रहने वाले हैं।
दो चिकित्सकों सहित 20 कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव
सोमवार को महिला की मौत और दूसरे दिन वार्ड ब्वाय के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद वृंदावन के सौ शैय्या संयुक्त जिला अस्पताल के आठ चिकित्सकों सहित 24 कर्मचारियों के सैंपल लेकर जांच के लिए अलीगढ़ भेजे गए थे। इनमें दो चिकित्सकों सहित 20 कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बाकी की रिपोर्ट आना बाकी है।
इसके अलावा सौ शैय्या संयुक्त जिला अस्पताल में अपनी मां की देखभाल करने वाले युवक की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इस युवक की मां की सोमवार की शाम मौत के बाद अगले दिन रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वहीं शुक्रवार को सौ शैय्या संयुक्त जिला अस्पताल के 20 और कर्मचारियों के नमूने लिए गए।