फिरोजाबाद जिले में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को चार नए मामले मिले। जिले में कोरोना संक्रमण के अब तक 56 मरीज मिल चुके हैं। इनमें तीन मरीज ठीक हो गए हैं, जबकि एक की मौत हो चुकी है। इस तरह कुल 52 मामले सक्रिय हैं।
17 अप्रैल को भेजे गए नमूनों में से सोमवार शाम को चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें तीन मरीज नए क्षेत्रों से हैं। एक टूंडला के गांव गढ़ी निर्भय का 24 वर्षीय युवक है। वो मुंबई से लौटा है। शहर के मोहल्ला मोहम्मदपुर निवासी 70 वर्षीय वृद्ध भी कोरोना की जद में आ गए।
एक 36 वर्षीय युवक हॉटस्पॉट क्षेत्र में शामिल हाजीपुरा का है, जबकि 55 वर्षीय व्यक्ति कश्मीरी गेट का है। कश्मीरी गेट का व्यक्ति नई आबादी क्षेत्र की एक मस्जिद में इमाम हैं। चारों मरीजों को जसराना में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।