आगरा के चिम्मनलाल बाड़ा के बाद अब विजय नगर कॉलोनी निवासी सब्जी विक्रेता कोरोना संक्रमित मिला है। वो बसई मंडी से ऑटो से सब्जी लाता है। इसके बाद ठेल पर विजय नगर और गांधी नगर में बेचता था।
रोजाना 200 से 300 घरों में रोजाना सब्जी और फल बेचता था। चार दिन पहले उसकी तबीयत खराब होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज गया था। उसे वहीं क्वारंटीन (एकांतवास) कर सैंपल लिया गया था।
शनिवार रात उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही उसके परिजनों को क्वारंटीन में रखा गया। पुलिस ने उसके घर के दोनों ओर बैरियर लगा दिया। वहां चेतावनी बोर्ड लगा दिया गया है ताकि लोग उसके घर न जाएं। स्वास्थ्य विभाग उसके संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार कर रहा है। इन्हें क्वारंटीन किया जाएगा।
पुलिस ने विजय नगर और गांधी नगर कॉलोनी में लोगों को सचेत दिया कर दिया है कि अगर किसी में कोरोना के लक्षण हों तो वो खुद जिला अस्पताल या एसएन मेडिकल कॉलेज जाकर अपनी जांच करा ले।
दोनों कॉलोनी में रविवार को सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा। लोगों ने सब्जी और फल खरीदे ही नहीं। दूध के लिए भी लोग बाहर नहीं निकले।
हरीपर्वत थाना के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि सब्जी विक्रेता के संक्रमित निकलने के बाद उसके घर के आसपास के लोगों को सचेत किया गया है। वहां पुलिस तैनात कर दी गई है।
मुझे नहीं पता, किसके संपर्क से संक्रमित हुआ
45 वर्षीय सब्जी विक्रेता ने फोन पर बताया कि उसे कोई जानकारी नहीं है कि वो किसके संपर्क से संक्रमित हुआ है? चार दिन पहले उसे जुकाम हुआ था, इसके बाद खांसी हो गई और बुखार भी आ गया। बदन दर्द से टूट रहा था।
24 वर्षीय बेटे ने कहा कि एक बार एसएन मेडिकल कॉलेज में जाकर दिखा लो। वहां गया तो डॉक्टर ने दवाई देने के साथ ही सैंपल के लिए कहा। इसके बाद उसे वहीं रोक लिया गया। परिजनों को घर भेज दिया गया। उसने बताया कि वह पांच साल से सब्जी बेचने का काम कर रहा है।