आगरा में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। रविवार को 14 लोग और संक्रमित मिले। अब संक्रमितों की संख्या 255 हो गई है। अब तक 4026 सैंपल लिए जा चुके हैं। 194 पूल सैंपल हुए हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने देर रात इसकी रिपोर्ट जारी की।
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार 255 में से 223 सक्रिय मामले हैं। संक्रमितों में सबसे ज्यादा जमाती और उनके संपर्क में आए लोग हैं। इनकी संख्या 92 है। 79 मरीज वे हैं, जो भगवान टाकीज स्थित श्री पारस हॉस्पिटल के संपर्क में आने से संक्रमित हुए।
संक्रमण की आशंका पर 200 लोगों के नमूने लिए
जिला अस्पताल में कोरोना वायरस की आशंका पर रविवार को 200 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे गए हैं। इसमें एसएन मेडिकल कॉलेज के वार्ड ब्वाय और दवा विक्रेता के कर्मचारी के संपर्क में आए स्टाफ और परिजन भी शामिल हैं। शनिवार को मिले 45 संक्रमित मरीजों के परिजनों के भी नमूने लिए गए हैं।
रेस्क्यू टीम इन लोगों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। सभी की केस हिस्ट्री तैयार करने के बाद स्क्रीनिंग की गई। डीएम प्रभुनारायण सिंह ने बताया कि सभी को क्वारंटीन में रखा गया है। नमूनों की जांच कराई जा रही है।
हेल्थ मानीटरिंग कमेटी ने परखीं व्यवस्थाएं
ताजनगरी में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के संक्रमण को देखते हुए यहां की व्यवस्थाओं का आकलन करने के लिए प्रदेश और केंद्र की टीम निरीक्षण करने आई हैं। रविवार को केंद्र की हेल्थ मानीटरिंग कमेटी के आठ सदस्यों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं।
टीम ने स्त्री रोग विभाग की कोविड-फ्लू विंग का बाहर से ही निरीक्षण किया। कमेटी ने आइसोलेशन वार्ड प्रभारी से आइसोलेशन वार्ड में कितने मरीज भर्ती हैं, बेड कितने हैं, क्वारंटीन सेंटर में बेड की संख्या, कोरोना के गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू में बेड की क्या संख्या है। इन सभी की जानकारी ली।
वायरोलॉजी लैब में नमूनों की जांच की भी जानकारी की। कमेटी ने डॉक्टर, चिकित्सकीय स्टॉफ की सुरक्षा, मरीजों के ट्रीटमेंट और ड्यूटी के बारे में भी पूछा। प्रभारी ने बताया कि रोस्टर प्लान के तहत तीन शिफ्टों में ड्यूटी रहती है। सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, किसी जरूरत पर वार्ड में भर्ती मरीजों से फोन पर बातचीत भी करते हैं।
इन सभी की कमेटी ने रिपोर्ट बनाई। इससे पहले शनिवार को शासन ने किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की टीम ने भी व्यवस्थाएं देखी थी। प्राचार्य डॉ. जीके अनेजा ने बताया कि केंद्र की कमेटी ने कोरोना वायरस के मरीजों के इलाज, सुविधाएं और व्यवस्थाओं का हाल देखा है।