वृंदावन (मथुरा)। सुल्तानपुर के कोरोना पॉजिटिव टैक्सी चालक की खबर ने मथुरा जनपद में भी खलबली मचा दी। प्रशासन को जानकारी मिली कि यह ड्राइवर दिल्ली में सवारी छोड़कर मथुरा होकर गुजरा था। आनन-फानन में वृंदावन के हाईवे से जुड़े दो पेट्रोल पंपों को सील किया गया। यहां के सभी कर्मचारियों का घर और पंप पर क्वारंटीन कराया गया। बाद में पता चला कि चालक हाईवे होकर नहीं गुजरा तो पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।
मामला 19 अप्रैल की रात का है। सुल्तापुर से एक टैक्सी चालक दिल्ली में सवारी छोड़कर मथुरा होकर लौटा। सुल्तानपुर पहुंचे ड्राइवर को चेक किया गया तो कोरोना पॉजिटिव पाया गया। यह खबर मथुरा पुलिस-प्रशासन को मिली। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने वृंदावन पुलिस को निर्देश दिए। आनन-फानन में वृंदावन पुलिस ने हाईवे पर नयति हॉस्पिटल के पास और छटीकरा के पास पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया।
इसके पीछे मकसद यह था कि ड्राइवर ने वृंदावन के पेट्रोल पंपों से डीजल और सीएनजी ली थी। पुलिस ने पंप के सभी कर्मचारियों को क्वारंटीन करा दिया। यह सब करने के बाद पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता लगा कि हाईवे होकर ड्राइवर नहीं गुजरा। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि सुल्तानपुर से सूचना मिलने पर पेट्रोल पंप सील कराए गए थे। सभी कर्मचारी पंप और घरों पर क्वारंटीन कराए गए थे। बाद में साफ हुआ कि हाईवे होकर ड्राइवर नहीं गुजरा। व अन्य किसी रास्ते से निकला। फिलहाल सील खुलवाकर पंप शुरू कराए गए।