तांगा स्टैंड के पास बाजार को सैनिटाइज करते कर्मचारी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। शहर के प्रमुख बाजारों को सील करके बुधवार को सैनिटाइज किया गया। बाजार में मेडिकल स्टोर से लेकर सभी दुकानें बंद रहीं। वहीं जगह-जगह बैरियर लगाकर लोगों की आवाजाही रोकी गई।
लॉकडाउन में ढील के साथ ही आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानें बाजार में खुलने लगी हैं। दुकान खुलने से लोगों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। बुधवार को दमकल कर्मियों और नगर पालिका की टीमों ने अभियान चलाकर लेनगंज, बजाजा बाजार, राजादा रोड, बड़ा चौराहा, लोहा मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों को सैनिटाइज किया। स्थिति यह रही कि इन क्षेत्रों में स्थित मेडिकल स्टोर तक नहीं खुल सके।
दहशत में आए लोग
बुधवार सुबह होते ही बाजार में चारों ओर पुलिस नजर आने लगी। क्रिश्चियन तिराहा, बड़ा चौराहा और घंटाघर पर बैरियर लगाकर लोगों की आवाजाही रोक दी गई। इससे शहर के लोग दहशत में आ गए। लोगों को डर सताने लगा कि कहीं कोई कोरोना संक्रमित तो नहीं मिला। बाजार को सैनिटाइज करने के लिए सुरक्षा बढ़ाए जाने की जानकारी होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
शहर की सीमाओं पर बढ़ी सुरक्षा
बुधवार को शहर की सीमाओं पर भी चौकसी बढ़ा दी गई। बिना किसी ठोस कारण के कोई व्यक्ति शहर में न आए। इसके मद्देनजर शहर के लिए आने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस की तैनाती की गई। इससे उन्हें लोगों को शहर में दाखिल होने दिया गया, जो आवश्यक कार्यों से आ रहे थे।