14एमएनपी-43-कोरोना संदिग्ध के घर को सेनेटाइज करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी/कुरावली। कोरोना वायरस का संदिग्ध मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग बचाव के इंतजामों में जुट गया है। दोपहर बाद युवक के घर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेनेटाइज कराया। इस बीच घर के आसपास भी साफ सफाई की गई।
जिला के एक कस्बा निवासी युवक ईराक में रहकर मर्चेंट नेवी में काम करता है। इराक से लौटा युवक कोरोना वायरस को लेकर संदिग्ध पाया गया है। युवक को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वहीं शनिवार दोपहर बाद चिकित्सकों की टीम ने युवक के आवास पर पहुंचकर दवा का छिड़काव किया। इसके साथ ही ब्लीचिंग घोल से सफाई कराई गई।
घर में हैं सात लोग
युवक के घर में वर्तमान में सात लोग रह रहे हैं। जांच टीम के सदस्यों ने बताया कि वर्तमान में युवक के घर में मां-बाप, पत्नी और बेटा है। तीन दिन पहले युवक की बहन अपनी दो बेटियों के साथ मायके आई है। सभी लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम नजर रखे हुए है।
सामान भी किया सेनेटाइज
युवक के घर को सेनेटाइज करने के साथ ही उसका सामान भी सेनेटाइज किया गया है। साथ ही परिजनों से भी अनुरोध किया गया है कि वह जांच रिपोर्ट आने तक घर पर ही रहें। भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाएं।
मुख्यमंत्री ने ली जानकारी
युवक को संदिग्ध मानते हुए जहां स्वास्थ्य विभाग निगरानी कर रहा है। पूरे मामले की जानकारी जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने भी ली है। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर भी स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों के संपर्क में हैं। वह लगातार पूरे मामले की अपडेट ले रहे हैं। जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर मैसेज पोस्ट करके लोगों से अनुरोध भी किया है कि किसी तरह की अफवाह न फैलाएं। युवक विदेश से आया है ऐसे में अहतियात बरतना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि समय-समय पर वह अपने हाथ साबुन से अच्छी तरह से धोएं। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।