कासगंज में लगातार कोरोना के मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को पांच महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। अब तक जिले में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 273 पर पहुंच गया है। सभी संक्रमितों को आइसोलेट कर परिवार के लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
सोमवार की शाम आई रिपोर्ट में सिढ़पुरा के सिकहरा इलाके की चार महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। जिसमें एक 60 वर्षीय वृद्धा भी शामिल हैं। सिढ़पुरा इलाके में लगातार संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। वहीं कासगंज शहर की ज्वालापुरी कॉलोनी में 23 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मिली।
प्रशासन और पुलिस की टीमों ने संक्रमितों के इलाकों को सैनिटाइज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं इन इलाकों को सील भी किया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर संक्रमित मिलने से कंटेनमेंट जोन भी बढ़ रहे हैं।
सभी संक्रमितों को देर रात तक कोरोना अस्पताल में भर्ती किया गया। साथ ही इनकी हिस्ट्री भी तैयार की जा रही है। संक्रमितों के परिजनों को क्वारंटीन किया गया है। सोमवार को कुल 193 लोगों की रिपोर्ट आई, जिसमें 5 पॉजिटिव और 188 रिपोर्ट निगेटिव पाई गईं।
जिले में सोमवार शाम आई रिपोर्ट में 5 कोरोना संक्रमित मिले हैं और 188 रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। सभी संक्रमितों को कोरोना अस्पताल में भर्ती किया गया है। सभी की हिस्ट्री तैयार की जा रही है।
- डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, सीएमओ।