कोरोना संक्रमित गर्भवती महिलाओं के प्रसव एसएन मेडिकल कॉलेज के अलावा अब लेडी लॉयल में भी हो सकेंगे। प्रमुख सचिव एवं नोडल अधिकारी ने इसके निर्देश दिए हैं। इसके लिए रेड ओटी बनाया जाएगा। पांच दिन बाद ही यह सुविधा मिलने लगेगी।
प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने बताया कि लेडी लॉयल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशा शर्मा को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह इसकी व्यवस्था करा रही हैं। लेडी लॉयल में आने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए ऑपरेशन थियटर को कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार ही बनाया जा रहा है। यहां 20 से 25 प्रसव रोज हो रहे हैं। यहां कोरोना संदिग्ध महिलाएं भी प्रसव के लिए पहुंचती हैं।
ऐसे में यहां स्टाफ को संक्रमण से बचाने के लिए ओटी को रेड जोन की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। स्टाफ को प्रशिक्षित किया जाएगा। सामान्य व संदिग्ध गर्भवतियों के प्रसव कराए जाएंगे।
तीन शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे 18 होमगार्ड
प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने बताया कि एसएन में 18 होमगार्ड तीन शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। छह-छह गार्ड की शिफ्ट होगी। इसके अलावा 20 वॉलंटियर लगाए जाएंगे। इन्हें आकस्मिक विभाग पर तैनात किया जाएगा।