अनलॉक में दोगुने से ज्यादा सैंपलिंग बढ़ी, लेकिन मरीजों की संख्या में इजाफा नहीं हुआ है। कुल सैंपलिंग का 69.86% अनलॉक में 1 जून से 28 जुलाई तक की गई, इसमें 802 नए मरीज मिले हैं। जबकि लॉकडाउन में दो मार्च से 31 मई तक 30.14% सैंपलिंग हुई, इसमें 899 मरीज मिले थे।
ताजनगरी में संक्रमितों का आंकड़ा 1700 पार हो गया है। 28 जुलाई तक 44823 लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। अनलॉक-1 में बाजार खुलने के बाद ज्यादा सैंपलिंग हो रही है। जून और जुलाई में 31317 सैंपल टेस्ट हुए हैं। जबकि लॉकडाउन में यह आंकड़ा 13506 था।
चिंताजनक: मृतकों की संख्या में दोगुने से ज्यादा का इजाफा
लॉकडाउन में दो मार्च से 31 मई तक 42 संक्रमितों की मौत हुई थी। जो अब बढ़कर 98 हो गई है। अनलॉक में 1 जून से 28 जुलाई तक 56 संक्रमितों की और मौत हो चुकी है। इसके अलावा अनलॉक में 586 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। लॉकडाउन अवधि में 31 मई तक 795 मरीज डिस्चार्ज हुए थे। मंगलवार तक ठीक होने वालों की संख्या 1381 हो गई है।