फिरोजाबाद की एक प्रमुख मस्जिद के इमाम की रविवार सुबह मृत्यु हो गई। उनकी कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर शनिवार शाम को क्वारंटीन वार्ड से उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। रविवार को सुबह हृदय गति रुकने से उनकी मृत्यु हो गई। वो उच्च रक्तचाप के मरीज थे।
सुहाग नगरी में कोरोना संक्रमित व्यक्ति की यह पहली मौत है। उधर, नए मरीजों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार को कोरोना के छह मामले और मिले हैं। जिले में अब संक्रमित मरीजों की संख्या 46 हो गई है। नए मरीजों के संपर्क में आने वालों के बारे में स्वास्थ्य विभाग जानकारी जुटा रहा है।
हॉटस्पॉट क्षेत्र में रहते थे इमाम
हॉटस्पॉट क्षेत्र शीशग्रान स्थित मस्जिद के इमाम 16 अप्रैल को क्वारंटीन (एकांतवास) में रखे गए थे। अचानक उनकी तबीयत खराब हुई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन कराया था। कोरोना की आशंका पर उनका नमूना जांच के लिए भेजा था। जांच रिपोर्ट में इमाम को कोरोना संक्रमित पाया गया। उन्हें क्वारंटीन वार्ड से आइसोलेशन वार्ड में रात को ही शिफ्ट किया गया।