मैनपुरी। पुलिस द्वारा जेल भेजने वाले मुल्जिमों का रिमांड से पहले ही कोरोना टेस्ट कराया जाए। जेल में बंदियों की नियमित रूप से स्क्रीनिंग की जाए। संदिग्ध बंदी की सैंपलिंग कराई जाए। जेल की बैरकों में भी सामाजिक दूरी बनाई जाए। बुधवार को यह निर्देश साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला जज तेजप्रताप तिवारी ने जेल अधीक्षक को दिए।
बुधवार को जिला जज तेजप्रताप तिवारी के चैंबर में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। जेल सहित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बंदियों में कोरोना संक्रमण रोकनेे को किए गए प्रयासों की जिला जज ने समीक्षा की। जिला जज ने कहा जेल बहुत ही संवेदनशील जगह है। कोरोना संक्रमण अब तेजी से फैैल रहा है। कोरोना संक्रमण रोकने को अब सतर्कता जरूरी है। जेल में नए बंदियों पर ध्यान दिया जाए। उनको अलग बैरक में ही रखा जाए। जेल अधिकारी खुद नए बंदियों पर विशेष नजर रखकर बैरकों का नियमित रूप से निरीक्षण करें। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिविल जज अमित मिश्रा, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार पांडेय, जेल अधीक्षक हरिओम शर्मा मौजूद रहे।