24एमएनपी-33-सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावली पर जानकारी लेते एसडीएम व अन्य
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को शहर, कुरावली, भोगांव, बेवर और किशनी क्षेत्र में 24 लोग पॉजिटिव मिले। जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस हड्डी रोग विशेषज्ञ भी कोरोना संक्रमण का शिकार हो गए। एक दिन में कुल 25 केस मिले। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 601 पहुंच गई है। 441 मरीज अब तक ठीक किए जा चुके हैं। 11 लोगों की मौत हो चुकी है। 149 संक्रमितों का उपचार चल रहा है।
शुक्रवार को शहर के मुख्य बाजार लेनगंज में पांच दुकानदार और अवधनगर में दो युवक संक्रमित मिले। जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस की कोराना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएमएस के संक्रमित मिलने के बाद उनके संपर्क में रहने वाले चिकित्सक और स्टॉफ के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। कुरावली कस्बा में सात संक्रमित मिले। कस्बा भोगांव की गिहार कॉलोनी में आठ लोग पॉजिटिव मिले। थाना किशनी क्षेत्र के लेहगांव में भी एक छह वर्ष की बच्ची कोरोना संक्रमित मिली। सभी संक्रमितों को एसडीएम की देखरेख में एंबुलेंस से आइसोलेशन वार्डों में भेजा गया है। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने लगातार बढ़ रही संक्रमितों की संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग के लिए अलर्ट जारी किया है। सीएमओ और चिकित्सकों को निर्देश दिए हैं कि वह अधिक से अधिक लोगों की जांच कराएं।
हड्डी रोग के मरीजों को होगी परेशानी
जिला अस्पताल में एक मात्र हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती है। दुर्घटना में घायल होकर आने वाले मरीजों की देखरेख भी हड्डी रोग विशेषज्ञ ही करते हैं। उनके कोरोना संक्रमित होने के बाद जिला अस्पताल में दुर्घटना में घायल होकर आने वाले लोगों की दिक्कत और बढ़ जाएगी। शुक्रवार को हड्डी रोग विशेषज्ञ के आइसोलेट होने के बाद मरीजों को मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। चिकित्सक को होम आइसोलेट किया गया है।
कुरावली में सख्ती और बढ़ाई गई
कुरावली। कस्बा कुरावली में भी तेजी के साथ कोरोना संक्रमण फैल रहा है। कस्बा के मोहल्ला कौआटोला के बाद अब फर्दखाना में भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। शुक्रवार को कस्बा में सात संक्रमित मिलने की जानकारी पर एसडीएम अनूप कुमार पुलिसबल के साथ मोहल्ला फर्दखाना पहुंचे। यहां से संक्रमित सभी छह मरीजों को आइसोलेशन वार्ड भिजवाया। जबकि गांव बसुरा सुल्तानपुर से भी एक मरीज को आइसोलेशन वार्ड भिजवाया गया। एसडीएम के निर्देश पर मोहल्ला फर्दखाना को सील कर दिया गया। देर शाम नोडल अधिकारी ईश्वरचंद्र ने भी कस्बे का भ्रमण किया। उन्होंने हॉटस्पॉट एरिया में पहुंचकर लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जानकारी दी। नगर पंचायत ईओ डॉ. कल्पना वाजपेयी, इंसपेक्टर शिवकुमार चौहान, अदनान उल्ला खां मौजूद रहे।