मैनपुरी। जिलाधिकारी ने बुधवार को शहर के कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया। इस दौरान पावर हाउस रोड पर कुछ दुकानों में ग्राहक अंदर बैठे मिले। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए जिलाधिकारी ने 15 जुलाई तक इन दुकानों को बंद करा दिया है।
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कंटेनमेंट जोन ओम भंडार वाली गली से बड़े चौराहे तक, लैनगंज, करहल रोड, पावर हाउस रोड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पावर हाउस रोड पर स्थित विशाल शू सेंटर, राजपूत स्टूडियो और संजीव फोटो स्टूडियो की दुकानों पर 6-7 ग्राहकों को दुकान के अंदर बैठा पाया गया। दुकानों के बाहर सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए रस्सी, बल्ली से बैरिकेडिंग भी नहीं की गई थी। इस पर डीएम ने तीनों दुकानदारों को चेतावनी देने के साथ ही दंड स्वरूप 15 जुलाई तक दुकानें बंद रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने राहगीरों और दुकानदारों से सीधा संवाद किया। वहीं कोरोना के लक्षण नजर आने पर जांच कराने के लिए भी अपील की।