मैनपुरी। नगर पालिका प्रशासन ने बुधवार को राहत की सांस ली है। सफाई कर्मचारी के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद कार्यालय में तैनात सभी 150 कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई। हालांकि अभी विभिन्न वार्डों में तैनात सफाई कर्मचारियों की जांच जारी है।
पांच दिन पूर्व में नगर पालिका का एक सफाई कर्मचारी कोरोना संक्रमित निकला था। इसके बाद जिलाधिकारी ने नगर पालिका के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की कोरोना जांच कराने के लिए निर्देश दिए थे। जिसके बाद पिछले चार दिनों से नगर पालिका में स्वास्थ्य विभाग की टीम कैंप लगाए हुए है। बुधवार तक नगर पालिका कार्यालय में कार्यरत 150 कर्मचारियों के सैंपल भेजकर जांच रिपोर्ट प्राप्त की गई। जिनमें कार्यालय में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। ईओ लालचंद भारती ने कहा कि ये नगर पालिका प्रशासन के लिए राहत भरी खबर है। सफाई कर्मचारी के कोरोना संक्रमित होने के बाद विभाग के लोग चिंतित थे। उन्होंने बताया कि सभी वार्डों में कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों की जांच कराई जा रही है।