11एमएनपी-11-जिला अस्पताल के प्राइवेट वार्ड एक में ट्रू नॉट मशीन को स्थापित कराते लैब टेक्नीशियन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जेडी की फटकार के बाद ट्रू नॉट मशीन को जिला अस्पताल के प्राइवेट वार्ड नंबर एक में स्थापित करा दिया गया है। अब मशीन को शुरू करने के लिए लखनऊ से आने वाले इंजीनियरों का इंतजार किया जा रहा है। बुधवार को जिला अस्पताल पहंचे जेडी डॉ. बीएस यादव ने जिला अस्पताल में आठ जून से रखी ट्रू नॉट मशीन को स्थापित न कराए जाने पर नाराजगी प्रकट की थी। जेडी की फटकार के बाद सीएमएस डॉ. आरके सागर ने मशीन को रिसीव करते हुए जिला अस्पताल के प्राइवेट वार्ड संख्या एक में स्थापित करा दिया। मशीन की देख रेख की जिम्मेदारी वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन तिलकचंद भारती को सौंपी गई है। मशीन को शुरू करने में अभी समय लगेगा। लखनऊ से इंजीनियर बुलाए गए हैं। यह इंजीनियर जिले के लैब टेक्नीशियन को प्रशिक्षण देंगे उसके बाद ही जांच का कार्य शुरू कराया जा सकेगा।
केवल अस्पताल आने वालों की ही होगी जांच
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने बताया कि जिला अस्पताल में स्थापित की जाने वाली ट्रू नॉट मशीन से केवल जिला अस्पताल में आने वाले गंभीर मरीजों की ही जांच कराई जाएगी। क्वारंटीन हाउस में रखे जाने वाले लोगों की जांच पहले की तरह से सैफई मेडिकल कॉलेज से ही होगी।