17एमएनपी-17-कुरावली के भरतपुर में घरों में पूछताछ करती स्वास्थ्य विभग की टीम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने वालों की तलाश के लिए शुक्रवार को सीएमओ ने 50 टीमों से स्क्रीनिंग कराई। कुरावली, करहल व शहर में इन टीमों को भेजा गया। संदिग्धों को भोगांव स्थित क्वारंटीन हाउस भेजा गया है।
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार पॉजिटिव निकले लोगों के संपर्क में आने वालों की तलाश में जुटी हुई हैं। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने 50 टीमों को करहल, कुरावली व शहर में घर-घर भेजकर स्क्रीनिंग का कार्य कराया। प्रत्येक टीम में एक डॉॅक्टर सहित तीन लोग शामिल थे। टीम के सदस्यों ने विभिन्न इलाकों में स्क्रीनिंग के बाद बाहर से आने वाले लोगों को होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी। वहीं आगरा के पारस हॉस्पिटल और पॉजिटिव निकले लोगों के संपर्क में आने वालों को भोगांव स्थित क्वारंटीन हाउस भेजा। जिला प्रशासन ने शहर के मोहल्ला वंशीगोहरा के साथ ही करहल व कुरावली में विशेष निगरानी भी कराई।