17एमएनपी-16-कुरावली के भरतपुर में जांच के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : MAINPURI
कुरावली (मैनपुरी)। गांव भरतपुर में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिलाधिकारी ने गांव को 72 घंटे के लिए सील करा दिया है। डीएम के निर्देश पर गांव में स्क्रीनिंग के साथ ही सैनिटाइज का कार्य भी कराया गया है।
भरतपुर गांव निवासी एक ग्रामीण 27 मार्च को आगरा के पारस अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन कराने गया था। जिसे पांच अप्रैल को डिस्चार्ज कर दिया। सूचना मिलते ही प्रशासन द्वारा ऑपरेशन कराने वाले व्यक्ति सहित संपर्क में आए सात लोगों की जांच कराई गई। इसमें अन्य सभी लोग निगेटिव पाए गए लेकिन ऑपरेशन कराने वाले व्यक्ति का 18 वर्षीय बेटा कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह अधिकारियों की टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने गांव को 72 घंटे के लिए पूरी तरह से सील करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति अपने घरों से बाहर नहीं निकलेगा। ग्रामीणों को 14 दिन तक होम क्वारंटीन किया गया है। गांव के सभी लोगों की स्क्रीनिंग कराने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने गांव को सैनिटाइज भी कराया है।