औंछा (मैनपुरी)। लॉकडाउन में अधिक दाम पर सब्जी आदि बिक्री किए जाने की शिकायत करने वाले शख्स को ही पुलिस ने थाने में बैठा लिया। स्थानीय लोगों ने थाना पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की है।
थाना क्षेत्र के जसराना रोड निवासी अश्वनी कुमार ने सुबह 112 नंबर पर कॉल कर बताया कि एक सब्जी विक्रेता उसे दोगुने दाम पर सब्जी बेच रहा है। बताया कि प्रशासन द्वारा निर्धारित 15 रुपये प्रति किलो की जगह 30 रुपये किलो लौकी बेची जा रही है। शिकायत पर यूपी 112 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए, लेकिन पुलिसकर्मी वहां विक्रेता का ही पक्ष लेने लगे। वहीं थाना पुलिस इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे रही।