मैनपुरी। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में डॉक्टर व फार्मासिस्टों को कोरोना से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में प्रशिक्षक डॉ. आरके सिंह ने डॉक्टर और फार्मासिस्टों को बताया कि किस प्रकार से कोरोना वायरस से संदिग्धों की जांच की जाए। जांच के दौरान सैंपल लिया जाए। सैंपल में क्या-क्या सावधानी बरती जाएं आदि की जानकारी दी गई। डॉ. पीके दुबे ने जांच के दौरान खुद की सुरक्षा के संबंध में जानकारी प्रदान की। यूनीसेफ से आए डॉ. संजीव कुमार ने व्यवस्थाओं को लेकर प्रकाश डाला। विश्व स्वास्थ्य संगठन की तरफ से आए डॉ. बीपी सिंह ने कहा कि कोरोना संदिग्ध की जांच में पूरी तरह से सावधानी बरती जाए। आइसोलेशन वार्ड में तैनात स्टाफ अधिक सतर्क रहे।
सीएमओ डॉ.एके पांडेय, सीएमएस डॉ. आरके सागर, ऋषि प्रकाश यादव, शिवमंगल सिंह, जितेंद्र सिंह, डॉ. गौरांग गुप्ता, डॉ. धर्मेंद्र कुमार आदि लोग मौजूद रहे।