14एमएनपी-12-जिला अस्पताल में दवा व पर्ची काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। तमाम जागरूकता कार्यक्रमों के बीच इराक से लौटे संदिग्ध मरीज ने हर कदम पर लापरवाही बरती। जिला अस्पताल पहुंचे युवक ने करीब पांच से लोगों की भीड़ के बीच लाइन में आधा घंटे खड़े होकर इलाज के लिए पर्चा बनवाया। इसके बाद काफी देर तक वह अस्पताल में इधर उधर घूमता रहा।
इराक से लौटा युवक सर्दी, जुकाम होने पर शनिवार को सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल पहुंचा। यहां सबसे पहले वह पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लग गया। करीब आधा घंटे तक लाइन में लगने के बाद युवक का नंबर आया और उसका पर्चा बना। पर्चा बनवाने के बाद वह कक्ष संख्या दस में डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार के पास पहुंचा। यहां डॉक्टर ने उसे सीएमएस के पास भेज दिया। सीएमएस ने जब जानकारी ली तो युवक ने बताया कि वह इराक से लौटा है। वहां वह मर्चेंट नेवी में नौकरी करता था।
युवक विदेश से आया है और कोरोना जैसे लक्षण थे। इस पर सीएमएस ने बिना समय गंवाए युवक को खाली पड़े एक कमरे में भेज दिया और कोरोना की निगरानी के लिए गठित टीम को सूचना दी। जिला अस्पताल की टीम जिसका नेतृत्व डॉ. धर्मेंद्र कुमार कर रहे हैं ने पहले कक्ष संख्या दो में युवक से पूछताछ की। उसके बाद उसे जांच के लिए आइसोलेशन वार्ड में ले जाया गया।
संदिग्ध की सूचना पर अस्पताल में पसरा सन्नाटा
कोरोना वायरस को लेकर हर कोई सजग है। लोगों में आगरा में मरीज मिलने पर पहले से ही दहशत थी। शनिवार की दोपहर जैसे ही जिला अस्पताल में संदिग्ध मरीज के पहुंचने की जानकारी यहां मौजूद अन्य मरीजों को हुई, देखते ही देखते अस्पताल में सन्नाटा होता गया। जिनके पास मास्क थे उन्होंने बचाव के लिए लगा लिए जो मरीज और तीमारदार मास्क लेकर नहीं आए थे उन्होंने बचाव के लिए रुमाल से चेहरे को ढक लिया। यहां तैनात स्वास्थ्य कर्मचारी भी चिंतित दिखाई दिए।