एटा में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का लक्ष्य के सापेक्ष 99 फीसदी टीकाकरण तीन माह पहले कर लिया गया था, लेकिन एक फीसदी लोगों का टीकाकरण तीन माह में भी पूरा नहीं हो सका है। जिसके लिए जद्दोजहद चल रही है।
इतना था लक्ष्य
कोरोना से बचाव के लिए जनवरी 2021 में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू किया गया था। लक्ष्य 1256809 है, जिसका पीछा करते-करते स्वास्थ्य टीमें एक मार्च 2022 को 99 फीसदी तक पहुंच गई और टीकाकरण की पहली डोज लगवाने वालों की संख्या 1244291 हो गई। तीन महीनों से स्वास्थ्य टीमें पूरा जोर लगाए हुए हैं, लेकिन इसकी रफ्तार अब तिल-तिल कर आगे बढ़ रही है। करीब एक फीसदी में शेष बचे 12160 लोगों का पूरा टीकाकरण करने के लिए काफी प्रयास के बाद महज 135 लोगों का ही प्रतिदिन जिले में टीकाकरण हो रहा है।
अब तक इतने लोगों का हुआ टीकाकरण
सोमवार तक 18 से 60 वर्ष तक कुल 1256451 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। अब 0.3 फीसदी में 358 लोग वंचित रह गए हैं। इसको पूरा करने में स्वास्थ्य विभाग के पसीने छूट रहे हैं। 15 से 17 वर्ष तक 124454 के सापेक्ष 117726 को पहला टीका और 104865 को दूसरा टीका लगाया जा चुका है। सबसे तेज 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों को टीकाकरण हुआ। इनका 75167 का लक्ष्य था और तीन माह में 65619 को पहली डोज और 30467 को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।
सीएमओ बोले- लक्ष्य के करीब हैं
सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एक फीसदी टीकाकरण में देर जरूर हुई है लेकिन एक उपलब्धि भी है कि हम लोग लक्ष्य छूने के करीब हैं। महज 358 के लोग ही टीकाकरण से बचे हैं, उनका भी टीकाकरण पूरा किया जाएगा।