ताजनगरी आगरा में कोरोना संक्रमण का खतरा फिर बढ़ता जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहे बुखार के मरीजों की संख्या से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। हालांकि सीएमओ का दावा है कि जिन्हें टीका लगा है, उनके लिए वायरस घातक नहीं है।
आगरा में कोरोना वायरस के मरीज फिर बढ़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को 2794 लोगों की जांच में 11 नए मरीज मिले हैं। पिछले दो दिन में 24 संक्रमित मिल चुके हैं। सभी ने कोरोना का टीका लगवा रखा था। इनमें तीन ऐसे भी मरीज हैं जो बूस्टर डोज ले चुके हैं। नए मरीजों में नौ पुरुष व दो महिलाएं हैं। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का दावा है कि जिन लोगों को टीका लग चुका है उनके लिए वायरस घातक नहीं है।
विज्ञापन
सीएमओ ने बताया कि सिकंदरा में दो पुरुष व एक महिला संक्रमित मिली हैं। मदिया कटरा में 45 वर्षीय महिला, सैंया में 40 वर्षीय पुरुष, चर्च रोड संजय प्लेस में बाकी मरीज मिले हैं। जिले में अब कुल 39 कोरोना सक्रिय मरीज हैं। सभी मरीज होम आइसोलेशन में हैं। किसी को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है। उन्होंने कहा कि संक्रमण की रोकथाम के लिए मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जांच बढ़ाई जाएंगी। जिले में अब तक 465 मरीजों की मौत हो चुकी है। 36,693 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में वायरल बुखार के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। इनकी कोरोना जांच नहीं हो पा रही है। संक्रमण नियंत्रण के इंतजाम भी ठप पड़े हैं। बरसात में ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव से मच्छर व अन्य संक्रामक रोग पनप रहे हैं। ऐसे में कोरोना पांव पसारने से नया संकट गहराने लगा है।