कासगंज। कोरोना ने तमाम परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन्हीं में से एक परिवार है गांव मोहिनी मामूरगंज में। यहां एक परिवार में पति और और बेटे की चार घंटे के अंतराल में हुई मौत को मधुबाला बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। पति और बेटे को याद करके वे बार-बार बेसुध हो रही हैं।
यह दर्दभरी कहानी है गांव मोहिनी मामूरगंज निवासी मधुबाला की। पति राजकिशोर और पुत्र सूर्य प्रताप सिंह को चार मई को खांसी-बुखार की शिकायत हुई। ऑक्सीजन लेवल कम हुआ तो उन्हें जिला चिकित्सालय के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में दोनों संक्रमित निकले। उनका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। 8 मई को पूर्वाह्न के समय सूर्य प्रताप की मृत्यु हो गई। परिजन सूर्यप्रताप के अंतिम संस्कार की तैयारियां कर रहे थे राजकिशोर की मौत की खबर भी आ गई। इससे मधुबाला का कलेजा फट गया। एक साथ पति और बेटे की मौत ने उन्हें झकझोर कर रख दिया।