हॉटस्पॉट एरिया चौबिया पाड़ा में सर्वे करती स्वास्थ्य विभाग की टीमें।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। लखनऊ से आए नोडल अधिकारी व सचिव शहरी विकास अनुराग यादव की निगरानी के चलते अब तक दफ्तरों में बैठकर आराम फरमा रहे स्वास्थ्य विभाग के अफसर सड़कों पर उतर आए हैं। नोडल अधिकारी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को सील किए इलाके में सर्वे के कार्य में लगाया है और शाम को प्रगति रिपोर्ट मांगी है।
पिछले एक महीने में कोरोना वायरस से लड़ने में नाकाम रहा स्वास्थ्य विभाग यकायक दौड़ने लगा है। नोडल अधिकारी व सचिव शहरी विकास अनुराग यादव के कमान संभालते ही इसका असर भी दिखाई देने लगा है। कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या के बाद स्थिति को कंट्रोल करने के लिए शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सर्वे कार्य में लगाया गया है।
अब तक आशाओं, एएनएम और आंगनबाड़ी के सहारे चले सर्वे कार्य को एसीएमओ स्तर के अधिकारियों ने संभाला है। शनिवार को एसीएमओ डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. देवेंद्र अग्रवाल, डॉ. प्रवीण भारती, डॉ. भूदेव, डीएचईआईओ जितेंद्र सिंह, डीपीएच संजय सिहोरिया, एसएमओ डॉ. संदीप ठक्कर, डॉ. साहिल, डॉ. विश्वबंधु, पुरुषोत्तम, अनुराग के साथ एएनएम और आशाओं की टीम के साथ सील इलाके में सर्वे का कार्य शुरू किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चौबिया पाड़ा, मनोहरपुरा, मंडी रामदास, लाल दरवाजा, दरेसी आदि क्षेत्रों में सर्वे कर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया है।