मैनपुरी। कोरोना टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार है। सीएमओ कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार माह में तीन दिन कोरोना का टीका लगाया जाएगा। करीब 80 सत्रों में सात हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों का प्रथम चरण में टीकाकरण होगा।
टीकाकरण के लिए एक बार ड्राई रन सफलतापूर्वक हो चुका है। इसके बाद 11 जनवरी को फिर से ड्राई रन होना है।
इसके ठीक बाद टीकाकरण शुरू होने की उम्मीद है। सीएमओ कार्यालय में इसके लिए कोविड-19 कोल्ड चैन कक्ष का भी निर्माण पूर्ण हो चुका है। वहीं सीएमओ कार्यालय से विस्तृत कार्यक्रम भी जारी किया गया है। इसके अनुसार माह के प्रथम और द्वितीय सोमवार के अलावा प्रथम शुक्रवार को भी कोरोना टीकाकरण किया जाएगा।
प्रथम सोमवार को 29 सत्र स्थलों पर, प्रथम शुक्रवार को 28 सत्र स्थालों पर द्वितीय सोमवार को लगभग 23 सत्र स्थलों पर टीका लगेगा। जिले में 7118 स्वास्थ्यकर्मियों को पहले चरण में टीका लगाया जाना प्रस्तावित है। ऐसे में लगभग 80 सत्रों में कोरोना का टीका लग पाएगा। एक सत्र स्थल पर एक दिन में सौ से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को टीका नहीं लगाया जाएगा। टीकाकरण के दौरान डब्ल्यूएचओ और यूनीसेफ की टीम भी निरीक्षण करती रहेगी।
पुलिस पर रहेगी अहम जिम्मेदारी
शासन ने कोरोना टीकाकरण में पुलिस की जिम्मेदारी भी बढ़ा दी है। अब कोरोना टीकाकरण में सभी सत्र स्थलों में तैनात दो-दो पुलिसकर्मी थर्मल स्क्रीनिंग के साथ ही पहचान पत्र चेक करने का भी कार्य करेंगे। इसके साथ ही कोरोना वैक्सीन लाने ले जाने में पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रहेगी।
टीकाकरण के बाद 30 मिनट तक होगी विशेष निगरानी
दुष्प्रभावों से बचने के लिए टीकाकरण के बाद विशेष निगरानी रखी जाएगी। टीकाकरण केंद्र पर पहले कोविन एप से संबंधित स्वास्थ्यकर्मी के डाटा का मिलान किया जाएगा। इसके बाद एकांत में स्वास्थ्यकर्मी द्वारा टीका लगाया जाएगा। टीका लगाने के बाद 30 मिनट तक संबंधित स्वास्थ्यकर्मी को विशेष निगरानी में वहीं रखा जाएगा। अगर इस दौरान वह सामान्य रहता है तो उसे घर जाने की अनुमति दी जाएगी।
जिला अस्पताल और ब्लॉक चिकित्सालयों में बनेगा विशेष वार्ड
स्वास्थ्य विभाग को कोरोना टीकाकरण के दुष्प्रभावों का भी डर सता रहा है। इसके लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। टीकाकरण के दुष्प्रभाव से निपटने के लिए ब्लॉक और जिला स्तरीय चिकित्सालय में विशेष वार्ड की स्थापना भी की जाएगी। इसमें कुशल चिकित्साधिकारी के निर्देशन में आवश्यक स्टाफ और दवाईयां उपलब्ध रहेंगीं। अगर टीके के बाद किसी को परेशानी होती है तो उसे तत्काल वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जाएगा।
कोरोना टीकाकरण के लिए कुल 7118 हेल्थ केयर वर्कर को चिह्नित किया गया है। माह में निर्धारित दिनों पर आयोजित सत्रों में उन्हें कोरोना टीका लगाया जाएगा। अब बस वैक्सीन के आने का इंतजार है। इसके आते ही कार्य शुरू हो जाएगा।
डॉ. एके पांडेय, सीएमओ।