मैनपुरी। एक दिन की राहत के बाद जिले में बालिका सहित दो कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3747 पहुंच गई है। अब तक 3615 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। 73 की मौत हो चुकी है। वर्तमान में जिले में 59 संक्रमितों का उपचार चल रहा है।
शनिवार को जिले में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला था। इससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। रविवार को किशनी क्षेत्र के गांव खरगपुर बसैत में एक 49 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला। वहीं शहर के मोहल्ला भोजपुरा निवासी एक सात वर्षीय बालिका कोरोना संक्रमित मिली है। सीएमओ डॉ. एके पांडेय के निर्देश पर नए संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है।
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने सभी चिकित्साधीक्षकों को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के संदिग्धों की जांच जारी रखें।
कुरावली में 120 लोगों की हुई जांच
कुरावली। स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने रविवार को अस्पताल परिसर में कैंप लगाकर संदिग्धों की कोरोना जांच की। इस दौरान 120 लोगों की जांच के लिए सैंपल लिए गए। 70 लोगों की जांच एंटीजन कार्ड की गई। 50 लोगों के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद किशोर, डॉ. जगतबंधु, दीप सिंह आदि मौजूद रहे।