मैनपुरी। अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आगरा मंडल आगरा ने कोविड टू के नोडल अधिकारी के साथ रविवार को जिला अस्पताल पहुंचकर कोविड लेवल टू अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों की बेहतर देखभाल के निर्देश दिए।
अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आगरा मंडल आगरा डॉ. एके सिंह रविवार को नोडल अधिकारी कोविड लेवल टू डॉ. अनिल कुमार सिंह को साथ लेकर जिला अस्पताल स्थित कोविड लेवल टू अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने कोविड अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
प्रभारी अधिकारी फार्मेसी डॉ. ऋषि प्रकाश से कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए उपलब्ध दवाइयों की जानकारी ली। उन्होंने जिले में कोरोना संक्रमितों के बड़ी संख्या में ठीक होने पर अस्पताल प्रशासन को धन्यवाद दिया। दोनों अधिकारियों ने कोविड अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों से भी बातचीत की और भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। प्रभारी सीएमएस डॉ. अशोक कुमार को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. आर. सिंह, डॉ. पीके दुबे भी मौजूद रहे।