मैनपुरी। दिल्ली और मथुरा में रहने वाले जिले के निवासी दो युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधितों के घर पहुंचकर जानकारी जुटाई। घर के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 264 हो गई है।
कटरा समान निवासी एक युवक दिल्ली में नौकरी करता है। स्वास्थ्य विभाग को दिल्ली प्रशासन से भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि युवक कोरोना संक्रमित है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक के घर जाकर पता किया तो बताया गया कि वह दिसंबर से घर नहीं आया है। कस्बा करहल निवासी एक युवक पिछले कुछ दिनों से बीमार था जो मथुरा के एक निजी अस्पताल में उपचार ले रहा है।
वहां जांच के दौरान वह कोरोना संक्रमित निकला है। जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। परिवार के लोगों को घर के अंदर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। युवक के संपर्क में आने वालों की जांच कराई जाएगी।
600 टीमें घर-घर सर्वे के लिए पहुंची
मैनपुरी। शासन के निर्देश पर पांच से 15 जुलाई तक अभियान चलना है। इसका शुभारंभ रविवार से हो गया। 120 पर्यवेक्षकों की निगरानी में 600 टीमें जिले के सभी नौ विकास खंड में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए निकलीं। टीम के सदस्यों ने घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग की। घरों से लोगों की जानकारी भी हासिल की। घरों में जो लोग बीमार चल रहे हैं उनकी जानकारी प्रभारी चिकित्साधिकारी को दी गई। 15 जुलाई तक जिले के 340227 घरों का सर्वे किया जाना है। सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने सभी टीमों को समय से सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।