संस्कृति विश्व विद्यालय पर खड़े साइकिल सवार मजदूर।
- फोटो : MATHURA
कोसीकलां (मथुरा)। लॉकडाउन में दिल्ली एवं हरियाणा में फंसे मजदूरों को लेकर यूपी एवं हरियाणा के अधिकारियों के बीच मजदूरों को सीधे उनके गंतव्य तक भेजने की नीति बनी है। जिसके तहत मजदूरों को हरियाणा की बसें ही छोड़कर आएंगी। वहीं कोसी से दस बसों से मजदूरों को भेजा गया है, जबकि 25 सौ मजदूरों को और भेजे जाने की व्यवस्था की जा रही है।
घर जाने को लेकर प्रवासी मजदूरों के हंगामा करने के बाद यूपी-हरियाणा के अधिकारियों ने साझा नीति बनाकर मजदूरों को सीधे ही घरों तक भेजा जा रहा है। शनिवार को सुबह छह बसों से यात्री कोसी आए, जिन्हें बाद में यूपी रोडवेज की बसों से भेजा गया। वहीं कोसी एवं कोटवन के रास्ते में सफर कर रहे मजदूरों के लिए प्रशासन ने शनिवार को तीन बजे तक दस बसों को रवाना किया। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि हरियाणा से मजदूर लेकर आने वाली बसों को सीधे गंतव्य तक भेजा जाएगा। उनका चार्ट बनाकर रवाना कर दिया जाएगा।
उधर, एसडीएम डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि मजदूरों के लिए दस बसें अभी तक कोसी से गंतव्य के लिए भेजी जा चुकी हैं। जबकि अभी 25 सौ मजदूरों की व्यवस्था कराकर उनके घर तक भेजा जाएगा। किसी को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। हालांकि उन्होंने हरियाणा से सीधी बसों को भेजे जाने की नीति को लेकर जानकारी होने से इनकार कर दिया।