कासगंज। जिले में कोरोना का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को एसडीएम सदर ललित कुमार, लखनऊ से आए कोविड के नोडल अधिकारी , आरएसएस विभाग प्रचारक अरुण कुमार, कोतवाली प्रभारी राजेश सिरोही और स्वास्थ्य विभाग कर्मियों के परिजनों सहित 23 नए संक्रमित मिले हैं। इन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिले में अब संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 629 पहुंच गया है। इसमें से 157 मरीज सक्रिय हैं।
लखनऊ से आए कोविड के नोडल अधिकारी की ट्रूनॉट मशीन से जांच करवाई गई। इसमें वह पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा एक अन्य जांच भी ट्रूनॉट से पॉजिटिव आई है। एंटीजन किट से 633 लोगों की जांच कराई गई। इसमें एसडीएम सदर, आरएसएस के विभाग प्रचारक, कोतवाली प्रभारी, सीएमओ ऑफिस के कर्मचारी व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के परिजन समेत नौ लोग संक्रिमित पाए गए।
सोरों में भी एक युवक कोरोना से ग्रसित मिला है। अलीगढ़ से प्राप्त हुई आरटीपीसीआर की रिपोर्ट में 7 लोग कासगंज के कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जबकि दो पॉजिटिव सहावर के, एक पॉजिटिव कासगंज, एक पॉजिटिव अमांपुर का है। सभी को स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेशन में भर्ती करवा दिया है। उनके परिजनों को क्वारंटीन किया जा रहा है।
फैक्ट फाइल
- 629कुल संक्रमित
- 157 सक्रिय मरीज
- 472 मरीज ठीक हुए
जिले में जो भी नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं उनके संपर्क में आने वाले लोगों की हिस्ट्री तलाशी जा रही है ताकि उनकी भी जांच कराई जा सके। -डा. प्रतिमा, श्रीवास्तव सीएमओ