कासगंज। कोरोना वायरस जनपद में लगातार पांव पसारता जा रहा है। बृहस्पतिवार को खंड शिक्षा अधिकारी, एक शिक्षक और निजी चिकित्सक समेत 12 नए लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को जिला अस्पताल में आइसोलेट कर दिया है। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 434 हो गई है। इसमें से 107 मरीज सक्रिय हैं।
पटियाली में एंटीजन किट से कराई गई जांच में चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसमें खंड शिक्षा अधिकारी, निजी चिकित्सक, चिकित्सक की बेटी व एक अन्य शामिल हैं। अमांपुर में कराई गई जांच में एक शिक्षक कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके अलावा कासगंज में दो, सहावर में दो, सोरों में 3 लोग कोरोना संक्रमित मिले। कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गई।
सभी संकमितों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इनके परिजनों को क्वारंटीन किया गया है। सभी संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की हिस्ट्री तलाशी जा रही है ताकि उनकी जांच की जा सके। इसके अलावा पहले से इलाज करा रहे 4 संक्रमित ठीक हो गए।
आंकड़े की नजर में
434 कुल संक्रमित
107 सक्रिय मरीज
327 मरीज ठीक हुए
एंटीजन किट की जांच में संक्रमित निकले लोगों को आइसजलेट किया गया है। वहीं आरटीपीसीआर की सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं-डा. प्रतिमा श्रीवास्तव