कासगंज में कोरोना हेल्प डेस्कके शुभारंभ के दौरान एसपी व अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। कोरोना महामारी से पुलिसकर्मियों को बचाने के लिए लगातार कवायद हो रही है। जिले में सोरों नगरपालिका के एक हॉल में पुलिस के लिए कोरोना हेल्प डेस्क बनाई गई है। इस हेल्प डेस्क पर छुट्टी से लौटने वाले पुलिसकर्मियों एवं अन्य पुलिस के विभागीय कार्य से जाने वाले कर्मियों को लौटकर अपनी आमद हेल्पडेस्क पर करानी होगी। जहां से प्रोपर चैकअप के बाद ही अपने थाने में पहुंचेंगे।
एसपी सुशील घुले ने सोमवार को इस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर पुलिसकर्मियों को सावधानी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी मास्क लगाएं और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। उन्होंने हैल्प डेस्क व्यवस्था के बारे में बताया कि छुट्टी पर जाने वाले पुलिसकर्मी या विभागीय कार्य व विवेचना में बाहर जाने वाले पुलिसकर्मी वापस लौटकर अपनी आमद हैल्प डेस्क पर कराएंगे।
जहां उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही ऑक्सीजन का लेविल भी नापा जाएगा। सामान्य रूप से भी किसी पुलिसकर्मी को कोई परेशानी होती है तो वे हेल्प डेस्क पर अपना परीक्षण करा सकते हैं। यदि किसी का तापमान अधिक मिलता है और ऑक्सीजन लेविल कम पाया जाता है तो ऐसे पुलिसकर्मियों की जांच जिला चिकित्सालय में कराई जाएगी। हेल्प डेस्क पर पुलिसकर्मियों के लिए सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इस दौरान अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।