कासगंज। कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों के लोग भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। टीमें घर घर जाकर बाहर से आने वालों की तलाश कर रही हैं। साथ ही उनकी थर्मल स्क्रीनिंग भी की जा रही है।
लॉकडाउन के बाद जिले में बड़ी संख्या में बाहर में लोग आए थे। रोडवेज ने ही 10 दिन में 31 हजार से अधिक लोगों को पहुंचाया था। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग पैदल, अपने वाहनों, एवं अन्य वाहनों से जिले में पहुंचे थ। जिले की 423 ग्राम पंचायतों के 615 राजस्व गांव एवं 10 स्थानीय निकायों में ऐसे लोगों की तलाश के लिए घर घर सर्वे शुरू कर दिया है।
इससे बाहर से आने वाला कोई भी व्यक्ति जांच के दायरे में आने से न रह जाए। इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग के अलावा, आंगनबाड़ी, आशा, ग्राम पंचायत विभाग, राजस्व विभाग आदि के कर्मचारी सहयोग कर रहे हैं। शहरी क्षेत्र हो या फिर ग्रामीण क्षेत्र सभी जगह घर घर टीमें पहुंच रहीं है। जिस घर में कोई व्यक्ति बाहर से आया है तो उसके पूरे परिवार की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है, यदि जांच में कोई संदिग्ध मिलता है तो उसके क्वारंटीन करने के साथ ही उपचार करवाया जा रहा है।
जिले में बाहर से आने वाले लोगों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। इसके लिए टीमें घर-घर पहुंच रहीं है। टीमों के माध्यम से बाहर से आने वाले लोगों व उनके परिवार की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है- अजय कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी