कासगंज के सर्कुलर रोड पर पसरा सन्नाटा
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। लॉकडाउन का पालन कराने को प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बीते दो दिनों से बाहर से आ रहे लोगों को लेकर भले ही प्रशासन ने कुछ हद तक नरम रुख अपनाया हो लेकिन सोमवार से पहरा बढ़ गया है। गृहमंत्रालय से दिशा निर्देश मिलने के बाद अफसर निगरानी को सड़कों पर निकले। सीमाओं के अलावा बैरियर पर सघन चेकिंग की। बाहर से आने-जाने वालों को चेकिंग के बाद ही संतुष्ट होने पर सीमा से निकाला जा रहा है।
लॉकडाउन के उल्लंघन पर पिछले दिनों कई लोगों पर कार्रवाई भी हो चुकी है। लेकिन इसका असर कम ही दिखाई दे रहा है। जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सख्ती बरतना शुरू कर दी है। सोमवार को शहर कस्बों के बाहर बने बैरियर पर सघन चेकिंग की जा रही थी। डीएम-एसपी के अलावा अन्य अफसर भी सड़कों पर निकले और माहौल परखते रहे। बाहर घूमने वाले लोगों को कड़ी हिदायत देकर घर जाने को कहा।
सुबह 10 बजे बाजार में पूरी तरह सन्नाटा पसरा था। फल व सब्जी के ठेले गुजरते दिखे। थोड़ी देर बाद डीएम-एसपी का काफिला वहां से गुजरा। घोषणा के साथ अधिकारी लोगों से अपील कर रहे थे कि घरों में ही रहे बाहर न निकलें।
आवास विकास पर पुलिस का सख्त पहरा था। आने-जाने वाले वाहनों को रोककर लोगों को कड़ी हिदायत दी जा रही थी। पुलिस का बैरियर लगा हुआ था। इस बैरियर से थोड़ी ही दूर राज कोल्ड स्टोर के पास दूसरा बैरियर था और लगभग आधा किमी दूर तीसरा बैरियर था।
स्वास्थ्य विभाग ने कराई स्क्रीनिंग
बाहर से आने वालों की स्क्रीनिंग के लिए सीमाओं पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात रहीं। वैसे तो बिना जरूरत के शहर में प्रवेश करने वालों को वापस किया जा रहा था लेकिन ऐसे लोग जो दूसरे राज्यों से या दूसरे जिलों से कई दिनों तक पैदल चलकर या अन्य साधन से आए थे। उनकी स्क्रीनिंग कराई गई।