कासगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में कई राज्यों से लौटकर आए लोगों का परिजनों सहित घरों में ही एकांतवास में रखा जाएगा। डीएम ने इसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं। पंचायतों को जिम्मेदारी सौंप दी है। स्वास्थ्य विभाग को स्क्रीनिंग के निर्देश दिए हैं। जिले में हजारों लोग अलग- अलग राज्यों से लौटे हैं। प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में कोरोना वायरस संक्रमण का भय सताने लगा है। जिला प्रशासन ने निर्णय लिया है कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में बाहर से लौटे लोगों को एकांतवास में रखा जाएगा। जिससे कि यदि इनमें कोरोना के लक्षण भी हो तो इनका संक्रमण दूसरे तक न पहुंच सके। इसके लिए शासन ने गंभीरता से कदम उठाया है।
डीएम सीपी सिंह ने आदेश जारी किया है कि ग्राम पंचायतों में बाहर से लौटे लोगों का परिवार सहित क्वारंटाइन कराया जाए। उन्हें घरों में ही रहने की हिदायत दी जाए। 14 दिन तक घरों में एकांतवास में रहना होगा। इन परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम प्रधान और राशन डीलर की रहेगी। सभी प्रधानों से डीएम ने अपील की है कि अपनी-अपनी पंचायतों में बाहर से लौटे लोगों का घरों में एकांतवास कराएं और उनके परिवार के खान पान की व्यवस्था करें। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायतों में लौटे लोगों की निरंतर स्क्रीनिंग कराएं।