कोरोना संक्रमण शहर से लेकर देहात में पैर पसार चुका है। मंगलवार को संक्रमण के 26 नए केस और सामने आए हैं। मरीजों को आइसोलेट किया गया है। जिन इलाकों में मरीज मिले हैं, उनमें सख्ती बढ़ा दी गई है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब 803 हो गई है। संक्रमितों में छह एक ही गांव के हैं। साथ ही महिला चिकित्सक, चूड़ी व्यवसायी, गर्भवती महिला और मां-बेटी भी शामिल हैं।
शहर के सुहागनगर सेक्टर दो में मां और बेटी संक्रमित मिली हैं। सेक्टर दो में ही चूड़ी का व्यवसाय करने वाला 52 वर्षीय व्यक्ति और एक युवक पॉजिटिव पाया गया है। सुहागनगर सेक्टर दो में दो भाई, एक युवती भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। कोटला रोड मोहल्ला द्वारिकापुरी में भी एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कोटला के गांव भीकनपुर में एक गर्भवती महिला, एका में 22 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटिव मिली है। गांव नया बांस में एक ही परिवार की महिला और एक युवक संक्रमित मिला है। शिकोहाबाद के मोहल्ला महादेवनगर फेस-2 निवासी एक महिला चिकित्सक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।