ताजनगरी में 24 नए संक्रमित और मिलने से सोमवार को मरीजों का आंकड़ा 7039 पहुंच गया है। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि अब तक 142 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। संक्रमित होने के बाद कुल 6522 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं 375 मरीज उपचाराधीन हैं।
विज्ञापन
जिले में 2.54 लाख से अधिक लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की दर 92.66 फीसदी हो गई है। प्रत्येक 100 संक्रमितों में दो मरीजों की मृत्यु हो रही है जबकि प्रति 100 लोगों की जांच में 2.72% संक्रमित मिल रहे हैं।
एसएन के तीन चिकित्सक समेत 24 संक्रमित
एसएन मेडिकल कॉलेज के तीन चिकित्सक और संक्रमित हो गए हैं। इसमें मेडिसिन विभाग के एक वरिष्ठ चिकित्सक भी शामिल हैं। पैथोलॉजी विभाग और हड्डी रोग विभाग के एक-एक जूनियर डॉक्टर शामिल हैं। अभी तक एसएन में 40 से अधिक चिकित्सक संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
नीरव निकुंज सिकंदरा में एक ही परिवार के दो सदस्य संक्रमित हो गए हैं। इंद्र कॉलोनी शाहगंज, बल्केश्वर, रिंग रोड, विजय नगर कॉलोनी, प्रोफेसर कॉलोनी, कमला नगर, आरएस बाग दयालबाग, खंदारी, रामन नगर खंदौली, खेरागढ़, विभव नगर, प्रकाश नगर, ट्रांस यमुना कॉलोनी, बोदला, शमसाबाद, नेहरू नगर, अनुपम हाउसिंग सोसाइटी में भी संक्रमित मरीज मिले हैं। ब्यूरो
32 हजार की स्क्रीनिंग में 158 लोगों में मिला खांसी-बुखार
हॉटस्पॉट एरिया में स्वास्थ्य विभाग की 101 टीमों ने स्वास्थ्य सर्वे किया। इसमें कमल नगर, दयालबाग, खंदारी, बल्केश्वर, आवास विकास कॉलोनी, ताजगंज, शास्त्रीपुरम, नेहरू नगर, सदरभट्टी और ट्रांस यमुना कॉलोनी के 7403 घरों के 31,746 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। पल्स ऑक्सीमेट्री कर रक्त में ऑक्सीजन की मात्रा भी जांची।
इस दौरान 158 लोगों को बुखार, खांसी की परेशानी मिली, इनकी कोरोना जांच कराई गई है। स्वास्थ्य सर्वे प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि सभी को बिना मास्क के घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी। आइवरमेक्टिन, मल्टी विटामिन, विटामिन सी और एंटी मलेरिया की दवा भी दी है।