कासगंज। कोरोना महामारी से तमाम परिवारों ने अपनों को खोया है। तमाम परिवारों में अब भी गम के हालात हैं। इन परिवारों को हौंसला देने के लिए जिले में एक अच्छी पहल शुरू की है। इस पहल के चलते जिले के भागीरथी वन में एक ऐसी स्मृति वाटिका बनाई जाएगी जो कोरोना संक्रमण से मौत का शिकार हुए लोगों को समर्पित होगी। इस स्मृति वाटिका में मृतकों के नाम से पौधे रोपित होंगे। वन विभाग इस कार्य को पूरा करेगा। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने यह व्यवस्था बनाने के लिए जिला वन अधिकारी दिवाकर वशिष्ठ को जिम्मेदारी सौंपी है। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण से मृत्यु के शिकार हुए लोगों की इस स्मृति वाटिका के माध्यम से स्मृति बनी रहेगी। जिला वन अधिकारी को भी जिलाधिकारी की यह पहल काफी अच्छी लगी और उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए स्मृति वाटिका की पहल पर काम शुरू कर दिया है। स्मृति वाटिका के लिए पौधे मंगाए जा रहे हैं, तय तिथि पर इन्हें रोपित किया जाएगा। पौधों की देखभाल के लिए वन विभाग ने लोगों की नियुक्ति की है। जो पौधों के संरक्षण के लिए कार्य कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण से मौत का शिकार हुए लोगों की स्मृति में भागीरथी वन में स्मृति वाटिका बनाई जाएगी। इस वाटिका के माध्यम से मौत का शिकार हुए लोगों का स्मरण हो सकेगा। इसके लिए वन विभाग पौधरोपण की पूरी तैयारी कर रहा है। लंबी आयु वाले पौधे रोपित किए जाएंगे। - दिवाकर वशिष्ठ, डीएफओ