कासगंज। कोरोना ने एक बार फिर से जूनियर तक की कक्षाओं के लगभग 3.17 लाख बच्चों की शिक्षा पर संकट खड़ा कर दिया है। शासन ने कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए जूनियर तक के स्कूलों में 11 अप्रैल तक अवकाश बढ़ा दिया है। अवकाश के लगातार बढ़ने से अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
लॉक डाउन के चलते 2020-21 में शिक्षासत्र समय से शुरू नहीं हो सका था। कक्षा 6 से 8 तक के स्कूल 10 फरवरी से खुल सके, जबकि कक्षा 1 से 5 तक के स्कूल 1 मार्च से खुलना शुरू हुए। लेकिन कोरोना के खतरे को देखते हुए शासन ने परीक्षाओं को रद्द कर 24 मार्च से अवकाश घोषित कर दिए थे। बाद में बच्चों को प्रमोट करने के आदेश मिल गए। कक्षा 1 से 8 तक सभी स्कूलों में अवकाश को लगातार बढ़ाया जा रहा है। पहले 4 अप्रैल तक और अब अवकाश को 11 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है।