पिनाहट। थाना बसई अरेला क्षेत्र के गांव राटौटी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत रसोइया पगवती पत्नी रामशंकर कुशवाहा ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। उन्होंने सड़क पर मिले करीब पांच तोले सोने का हार उसकी असली मालकिन को लौटाकर लोगों का दिल जीत लिया। शनिवार को स्याहीपुरा चौराहे के पास सड़क किनारे पगवती को सोने का हार पड़ा मिला। उन्होंने बृहस्पतिवार को गांव के पूर्व प्रधान अपरवल भदौरिया को इसकी जानकारी दी। इसी बीच पता चला कि गंजनपुरा निवासी रामनिवास की पुत्री हिमांशी परिहार का हार ससुराल रैपुरा भदौरिया जाते समय स्याहीपुरा चौराहे पर खरीदारी के दौरान कहीं गिर गया। काफी तलाश के बाद भी हार नहीं मिला। वहीं, पूर्व प्रधान की मौजूदगी में पगवती ने सोने का हार हिमांशी के परिजन को सौंप दिया। पगवती की ईमानदारी से प्रभावित होकर हिमांशी के ससुर बलवीर सिंह भदौरिया ने उन्हें 11 हजार रुपये की सम्मान राशि भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। संवाद